Breaking News

MP से राज्यसभा सीट के लिए उमा भारती पर दांव लगा सकती है भाजपा

भोपाल, मध्य प्रदेश में विपक्षी दल भाजपा राज्यसभा चुनाव के जरिए एक तीर से कई शिकार की रणनीति बनाने में जुटी है। विधायकों के संख्या बल से भाजपा की एक राज्यसभा सीट पक्की है, दूसरी सीट हथियाने के लिए पार्टी कई संभावनाओं पर काम कर रही है। एक विकल्प पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती पर दांव खेलने का भी है। इसके लिए पार्टी का चुनावी प्रबंधन सक्रिय हो गया है। होली के बाद प्रत्याशी के नाम का एलान होगा।

दिग्‍गज नेताओं ने किया विचार- विमर्श

भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में रविवार सुबह संगठन के दिग्गज नेताओं ने इस मुद्दे पर विचार-विमर्श किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत ने विधानसभा के आगर और जौरा उपचुनाव की तैयारियों पर चर्चा की। राज्यसभा टिकट के लिए दिग्गज नेताओं के साथ पार्टी के मौजूदा पदाधिकारियों के नाम भी सामने आ रहे हैं।

कारगर नहीं ये फैक्टर

पार्टी सूत्रों का कहना है कि रास के संभावित नामों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी जैसे फैक्टर पर जोर है। हालांकि इन वर्गों से केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत, सत्यनारायण जटिया, संपतिया उइके और कैलाश सोनी को पार्टी उच्च सदन में भेज चुकी है। केंद्र की ओर से किसी बाहरी नाम के आने की संभावना भी इसलिए प्रबल नहीं है, क्योंकि पूर्व मंत्री एमजे अकबर और केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान पहले से ही मप्र के कोटे से राज्यसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उमा की संभावना भाजपा हाईकमान फायर ब्रांड नेत्री एवं प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती को प्रदेश में सक्रियता बढ़ाने का संकेत कर चुका है, इसलिए सियासी हलकों में उमा का नाम भी सुर्खियों में है।

कई और नामों पर भी चर्चा

उनके अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा प्रदेश पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष विजेश लूणावत, बंशीलाल गुर्जर और विनोद गोटिया का दावा भी बताया जा रहा है। चुनाव की स्थिति में पार्टी उमा भारती पर दांव खेलने की रणनीति पर काम कर रही है।

रास के संभावित दावेदारों के नामों पर चुनाव समिति की बैठक में मंथन के बाद पहली और दूसरी सीट के लिए नामों का पैनल दिल्ली भेजा जाएगा। यह बैठक आयोजन होली पर्व के दरम्यान रखने की तैयारी है। 13 मार्च नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख है, इसलिए होली के तुरंत बाद दिल्ली से प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया जाएगा।

केंद्रीय चुनाव समिति करेगी अंतिम फैसला

मध्‍य प्रदेश के भाजपा प्रवक्‍ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए प्रदेश भाजपा चुनाव समिति अपनी ओर से संभावित प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय इकाई को भेजेगी। इसके बाद केंद्रीय चुनाव समिति अंतिम निर्णय कर प्रत्याशी के नाम का एलान करेगी।

Check Also

ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे आएंगी शिवपुरी, करेंगी मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित

🔊 Listen to this ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे आएंगी शिवपुरी, करेंगी मातृशक्ति सम्मेलन …