Breaking News

Madhya Pradesh Government Crisis : कांग्रेस छोड़ने वालों का राजनीतिक हश्र सभी ने देखा- कमलनाथ

भोपाल -Government Crisis प्रदेश के राजनीतिक संकट के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सीधे तौर पर भाजपा नेताओं को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले दिन से कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने की कोशिशें कर रही है, लेकिन उसे हर बार मुंह की खानी पड़ी है। वह इस बार भी मुंह की खाएंगे। नाथ ने सरकार को पूरी तरह सुरक्षित बताते हुए इस संकट के पीछे पार्टी के अंदर की गुटबाजी को सिरे से खारिज किया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस पर पड़ने वाले फर्क को लेकर नाथ ने कहा कि किसी के आने-जाने से पार्टी को फर्क नहीं पड़ता है।

प्रस्तुत हैं कमलनाथ से चर्चा के अंश…

सवाल : क्या आप मानते हैं कि सिंधिया के पार्टी छोड़ने से कांग्रेस को नुकसान होगा?

जवाब : कांग्रेस एक समुंदर है। पार्टी ने कई चुनौतियों-संकटों के दौर देखे हैं। पार्टी में कई नेता आए और कई गए। कांग्रेस को कभी फर्क नहीं पड़ा। उल्टा जिन लोगों ने कांग्रेस छोड़ी, उनका राजनीतिक हश्र सभी ने देखा है।

सवाल : भाजपा कह रही है कि इस राजनीतिक संकट के पीछे कांग्रेस की गुटबाजी व अंतर्कलह है, क्या यह कांग्रेस का कुर्सी विवाद है?

जवाब : भाजपा पूरी तरह से झूठ बोल रही है। सभी ने सच्चाई देख ली है कि कांग्रेस के विधायकों को बंधक किसने बनाया, बेंगलुरु कौन ले गया, चार्टर प्लेन किसने बुक कराया, उनके इस्तीफे भाजपा के पूर्व मंत्री लेकर आए। कई फोटो सामने आए, जिसमें कांग्रेस के विधायक भाजपा नेताओं और पुलिस के पहरे में दिखाई दिए। इसी से समझा जाता है कि इस राजनीतिक स्थिति के पीछे कौन है।

सवाल : मध्यप्रदेश में गहराए राजनीतिक संकट के लिए आप किसे जिम्मेदार मानते हैं?

जवाब : कांग्रेस सरकार निरंतर जनहितैषी निर्णय ले रही है। वचन पत्र के वादे पूरे कर रहे हैं। प्रदेश की प्रोफाइल बदल रहे हैं। कर्जमाफी के साथ युवाओं को रोजगार दे रहे हैं। प्रदेश को माफिया और मिलावट मुक्त बना रहे हैं। प्रदेश में नया निवेश लाने के प्रयास कर रहे हैं। भाजपा को यह सहन नहीं हो रहा है और वह सरकार को अस्थिर करने की साजिश रच रही है। वर्तमान राजनीतिक स्थिति के लिए पूरी तरह से भाजपा जिम्मेदार है। वह सत्ता की चाह में छटपटा रही है।

सवाल : बेंगलुरु में कांग्रेस के मंत्री-विधायकों को बंधक बनाया है तो उन्हें छुड़ाने के क्या प्रयास किए गए?

जवाब : भाजपा ने हमारे कई विधायकों को बेंगलुरु में बंधक बनाकर रखा है। उन्हें पुलिस और भाजपा नेताओं के कड़े पहरे में रखा गया है। किसी को उनसे मिलने की इजाजत नहीं है। मोबाइल तक रख लिए हैं। एक विधायक के पिता को भी मिलने नहीं दिया और हमारे दो मंत्रियों के साथ अभद्रता की। उन्हें हिरासत में लिया। भाजपा ने गुंडागर्दी कर विधायकों को बंधक बनाया है। हम छुड़ाने के प्रयास कर रहे हैं।

सवाल : सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने की मुख्य वजह क्या रही ?

जवाब : इसका जवाब वही बेहतर तरीके से दे सकते हैं। मैं इसके पीछे के कारणों में नहीं जाना चाहता हूं।

सवाल : क्या यह सही है कि भाजपा ने सरकार गिराने की कोशिशें कुछ महीने पहले ही शुरू कर दी थीं?

जवाब : प्रदेश में सरकार बनने के दिन से भाजपा उसे अस्थिर करने में लगी है। पिछले 14 माह में वे कई कोशिशें कर चुके हैं और हर बार मुंह की खानी पड़ी है। इस बार भी भाजपा की साजिश फेल होंगी और उन्हें मुंह की खानी पड़ेगी।

सवाल : मध्य प्रदेश में सरकार की अस्थिरता की स्थिति कब तक बनी रहेगी और इसमें कोई उजाले की किरण कहीं दिखाई दे रही है क्या?

जवाब : सरकार की स्थिरता को लेकर कोई संकट नहीं है। सरकार पूरी तरह से स्थिर है। भाजपा कितनी भी साजिश रच ले, कांग्रेस सरकार के पास पूर्ण बहुमत है और वक्त आने पर हम उसे साबित भी कर देंगे।

सवाल : कल आप ने राज्यपाल से मुलाकात की और आज भाजपा नेताओं ने, इसे आप कैसे देखते हैं?

जवाब : मैंने कल राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें वर्तमान राजनीतिक घटनाक्रम का विस्तृत ब्योरा एक पत्र के माध्यम से सौंपा है। पत्र में बताया कि किस तरह भाजपा ने हमारे विधायकों को बंधक बनाकर बेंगलुरु में रखा है। भाजपा किस प्रकार से सरकार को अस्थिर करने में लगी है। भाजपा नेताओं ने भी आज राज्यपाल से मिलकर फ्लोर टेस्ट की मांग की है। लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन जब तक विधायकों को स्वतंत्र नहीं किया जाता, तब तक फ्लोर टेस्ट की मांग बेमानी है।

सवाल : वर्तमान राजनीतिक हालातों के बीच प्रदेश की जनता को आप क्या संदेश देना चाहेंगे?

जवाब : प्रदेश की 7.5 करोड़ जनता ने हमारा 14 माह का कार्यकाल देखा है। हमारी सरकार घोषणा नहीं काम करने वाली है, यह सभी ने देखा है। भाजपा सरकार के समय प्रदेश किसानों-बेरोजगारों की आत्महत्या, महिला अपराध, कुपोषण, अवैध उत्खनन, घोटालों, भ्रष्टाचार में देश के शीर्ष राज्यों में शामिल रहा। हम प्रदेश पर लगे इन दागों को धोने में लगे हैं। प्रदेशवासी इस सच्चाई को जान लें कि किस प्रकार भाजपा प्रदेश में लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या कर एक चुनी हुई सरकार व जनादेश का अपमान कर रही है। वो भाजपा के इस घृणित कृत्यों का पुरजोर विरोध करे।

Check Also

ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे आएंगी शिवपुरी, करेंगी मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित

🔊 Listen to this ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे आएंगी शिवपुरी, करेंगी मातृशक्ति सम्मेलन …