Breaking News

मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर, सपा-बसपा के विधायक भाजपा के खेमे में शामिल

मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर, सपा-बसपा के विधायक भाजपा के खेमे में शामिल
राज्यसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी के और निर्दलीय सहित पांच विधायकों ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। इन विधायकों ने कांग्रेस की कोशिशों को धता बताते हुए भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने के संकेत दिए हैं।

मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव
राज्यसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी के और निर्दलीय सहित पांच विधायकों ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। इन विधायकों ने कांग्रेस की कोशिशों को धता बताते हुए भाजपा प्रत्याशी को समर्थन देने के संकेत दिए हैं। निर्दलीय और सपा, बसपा के विधायक बुधवार शाम को गृह व स्वास्थ्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे और विधायकों के डिनर में शामिल हुए। इस दौरान इन विधायकों ने भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षकों केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर व विजयंत पांडा से मुलाकात कर राज्यसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने का आश्वासन दिया।
राज्यसभा चुनाव से ठीक दो दिन पहले भाजपा-कांग्रेस दोनों पार्टियों में राजनीतिक गतिविधयों ने तेजी पकड़ी। कांग्रेस ने जहां दाेपहर को पार्टी के विधायक दल की बैठक आयोजित की तो वहीं शाम को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के विधायकों के लिए डिनर का आयोजन किया गया। इस डिनर पार्टी में सपा, बसपा और निर्दलीय विधायकाें को भी आमंत्रित किया गया। दिल्ली से केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर व पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजयंत पांडा दो दिवसीय दौरे पर भोपाल आए। उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मप्र भाजपा प्रभारी विनय सहस्त्रबुद्धे भी आए। शाम 6 बजे प्राइवेट प्लेन से भोपाल पहुंचे चारों नेताओं का एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। इसके बाद शाम को 8 बजे से भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक और केंद्रीय नेताओं के साथ भाजपा विधायकों के लिए प्रदेश कार्यालय में डिनर का आयोजन रखा गया। इस आयोजन में सपा, बसपा और निर्दलीय विधायकों को भी बुलाया गया। शाम को डिनर में प्रदेश के गृह व स्वास्थ्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा के साथ बसपा विधायक रामबाई और संजीव कुशवाह, सपा विधायक राजेश शुक्ला, निर्दलीय विधायकगण राणा विक्रम सिंह व ठाकुर सुरेंद्र सिंह शेरा भाजपा कार्यालय पहुंचे। सुरक्षा का ध्यान रखते हुए सपा, बसपा व निर्दलीय विधायकगण पहले गृहमंत्री डॉ मिश्रा के आवास पर पहुंचे। उसके बाद उनके साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। वहां दूसरे दलों से आए व निर्दलीय विधायकों ने भाजपा के केंद्रीय नेताओं के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा आदि से चर्चा की।

डिनर टेबल पर बनी रणनीति –

भाजपा प्रदेश कार्यालय में केंद्रीय मंत्रीगणों, केंद्रीय पर्यवेक्षकों, राष्ट्रीय पदाधिकारी व मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री सहित मप्र सरकार के मंत्रीगणों, विधायकों के बीच डिनर की टेबल पर चर्चा हुई। इस दौरान मप्र के लिए राज्यसभा की तीन सीटों पर 19 जून को होने वाले चुनाव को लेकर रणनीतिक मंथन भी हुआ।

सपा, बसपा व निर्दलीय विधायकों ने कांग्रेस से किया किनारा –

मप्र में सपा के एक, बसपा के दो, निर्दलीय चार विधायक हैं। सपा व बसपा के विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने का आश्वासन दिया है। जबकि निर्दलीय चार विधायकों में से दो विधायक राणा विक्रम सिंह व ठाकुर सुरेंद्र सिंह, भाजपा के डिनर कार्यक्रम में पहुंचे। इन दो विधायकों ने भी भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कही है। जबकि शेष दो निर्दलीय विधायकों में से एक केदार डाबर, बुधवार दोपहर को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शामिल हुए और उन्होंने कांग्रेस के पक्ष में वोट करने की बात कही थी। दूसरे विधायक व कमलनाथ सरकार में खनिज मंत्री रहे प्रदीप जायसवाल न भाजपा के डिनर में शामिल हुए, न ही कांग्रेस की बैठक में पहुंच, लेकिन इससे पहले कांग्रेस की सरकार गिरने के बाद वे सबसे पहले बयान दे चुके थे कि जिसकी सरकार बनेगी, वे उसे समर्थन देंगे। हालांकि वे इसके ऐवज में मंत्री पद की डिमांड कर रहे हैं। बदली परिस्थितियों में भाजपा के पास मंत्री पद के दावेदार ज्यादा हैं, ऐसे में भाजपा ने प्रदीप जायसवाल को अभी कोई आश्वासन नहीं दिया है। जिससे प्रदीप जायसवाल का निर्णय अभी तय नहीं है।

भाजपा विधायक दल की बैठक गुरुवार को –

भाजपा विधायक दल की बैठक गुरुवार को शाम 6 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सपा, बसपा के साथ ही निर्दलीय विधायकों के भी शामिल रहने की संभावना है। इस बैठक में राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशियों को जिताने के लिए औपचारिक तौर पर मंथन किया जाएगा। जिसमें दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षक के साथ ही केंद्रीय मंत्रीगण, मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री, संगठन के प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे। बैठक के बाद सभी विधायकों के लिए डिनर का आयोजन होगा।

Check Also

ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे आएंगी शिवपुरी, करेंगी मातृशक्ति सम्मेलन को संबोधित

🔊 Listen to this ज्योतिरादित्य सिंधिया की पत्नी प्रियदर्शनी राजे आएंगी शिवपुरी, करेंगी मातृशक्ति सम्मेलन …